न्यूज़ डेस्क। प्राचीन किले हमेशा से ही रहस्य और जिज्ञासा का विषय रहे हैं। दुनिया में ऐसे कई किले हैं, जो इतने रहस्यमयी हैं कि उनके बारे में ठीक से कोई भी नहीं जानता। एक ऐसा ही किला मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में मौजूद है, जिसके बारे में इतनी कहानियां प्रचलित हैं कि लोग वहां जाने से डरते हैं और यह डर यूं ही नहीं है इसके पीछे है एक से एक भयानक कहानियां, जो आपके होश उड़ा देंगी।
बेसमेंट से लोग होते गायब
वहां के लोगों के अनुसार आज से कुछ साल पहले किले में घूमने गए कुछ बाराती अचानक गायब हो गए। माना जाता है कि किले में घूमते घूमते वे लोग इसके बेसमेंट में जा पहुंचे। जहां से आज तक कोई भी जिंदा नहीं लौटा। इतना ही नहीं, आज तक जितने भी लोग किले के बेसमेंट में गए वह सभी के सभी गायब हो गए। वह कहां गए? उन्हें जमीन निगल गई या आसमान खा गया? कोई नहीं जानता। आइए इस किले के बारे में आपसे कुछ ऐसी रहस्यमई बातें शेयर करते हैं जिसे जानना आपके लिए भी बेहद जरूरी है।

किसने करवाया निर्माण?
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में स्थित इस रहस्यमयी किले का नाम गढ़कुण्डार है। इस रहस्यमयी और डरावने किले में पांच मंजिला इमारतें बनी हुई हैं, जिसमें से तीन मंजिल ऊपर और दो मंजिल जमीन के अंदर हैं। इस बात की पुष्टि आज तक नहीं हुई है कि इस किले का निर्माण कब और किसने करवाया है। फिर भी इस किले को 1,500 से 2,000 साल पुराना माना जाता है। जानकारी के अनुसार, यहां बुंदेलों एवं खंगार जैसे अनेक शासकों ने शासन किया था। जिन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से इस किले का निर्माण कराया था।
नजदीक जाते ही किला दिखना बंद
इस किले का निर्माण इस प्रकार किया गया है कि चार-पांच किलोमीटर दूर से तो यह नज़र आता है, लेकिन जैसे जैसे इसके नजदीक जाते हैं यह दिखना बंद हो जाता है। इसी वजह से इसकी गिनती भारत के सबसे रहस्यमयी किलों में होती है। चलिए अब जानते हैं कि लोग वहां जाने से क्यों डरते हैं। एक कहानी के अनुसार, यहां काफी समय पहले पास के ही गांव से एक बारात यहाँ भ्रमण के लिए आई थी। भ्रमण करते-करते बाराती बेसमेंट में चले गए, जिसके बाद बारात के सभी लोग रहस्यमयी तरीके से अचानक अदृश्य हो गए और उनका आज तक कुछ पता नहीं चल सका। इस घटना के बाद लोगों के गायब होने की तरह-तरह की कई और घटनाएं सामने आई थी। जिसके बाद से किले के नीचे जाने वाले सभी दरवाज़े बंद कर दिए गए। किले के अंदर बेहद ही अंधेरा है, जिस वजह से दिन में भी ये काफी डरावना लगता है।

किले में छुपा खज़ाना
कहा जाता है कि इस किले में एक खजाने का रहस्य भी छुपा हुआ है, जिसे खोजने के चक्कर में अनेक लोग अपनी जान से हाथ धो बैठे हैं। इतिहासकारों का कहना है कि यहां के राजा-महाराजाओं के पास सोने-चांदी और हीरे के ज्वाहरातों की कोई कमी नहीं थी, लेकिन खजाने की तलाश में आए कई लोग इन्हें ढूंढने में नाकाम रहे जिनका आज तक कोई पता नहीं चल सका।

रहस्यमई किला
बहरहाल इस किले का रहस्य आज तक कोई नहीं जान पाया और एक के बाद एक लोगों के गायब होने की घटनाओं के बाद इसके बेसमेंट में ताला जड़ दिया गया। आज भी शाम ढलने पर कोई भी गांव वाला किले की तरफ फटकता भी नहीं है और दुनिया के अन्य रहस्यमई किलों की तरह यह किला भी एक रहस्य बनकर रह गया है।