नई दिल्ली। भारत-चीन सीमा विवाद के चलते केंद्र सरकार पर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी लगातार हमले कर रहे हैं। इस पर बीजेपी चीफ जेपी नड्डा ने आज बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक खारिज राजवंश पूरे विपक्ष के बराबर नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि आज देश एकजुट है और पूरा देश सेना के साथ है। आपको बता दें कि गलवान घाटी में चीनी सेना के साथ संघर्ष में भारत के 20 जवान शहीद हुए थे जबकि चीन के 43 जवान मारे गए थे।
नड्डा ने लगातार ट्वीट कर कांग्रेस पर साधा निशाना
नड्डा ने आज लगातार ट्वीट करते हुए कहा, एक राजवंश और उसके वफादारों को पूरा विपक्ष होने का भ्रम है। एक राजवंश ने कुछ सवाल उठाए और उसके वफादारों ने झूठ फैलाया। जैसे इस वक्त ये सरकार से सवाल पूछ रहे हैं।’ बता दें कि कल नड्डा ने राहुल पर सेना का मनोबल गिराने का आरोप लगाया था।
विपक्ष को सवाल पूछने का हक
उन्होंने कहा, ‘विपक्ष का सवाल पूछने का हक है। सर्दलीय बैठक में अच्छे माहौल में बात हुई और नेताओं ने अहम सुझाव दिए। उन्होंने केंद्र सरकार के कदम का पूरा समर्थन किया। केवल एक परिवार अलग था।
खारिज राजवंश पूरा विपक्ष नहीं
बीजेपी प्रमुख ने कहा, एक खारिज राजवंश पूरा विपक्ष नहीं हो सकता है। एक राजवंश का हित पूरे भारत का हित नहीं है। आज देश एकजुट है और सेना का समर्थन कर रहा है। यह वक्त एकजुटता का है। अपने वंशज को बार-बार लॉन्च करना कुछ देर इंतजार भी कर सकता है।
राजवंश के कारण खोई हजारों किलोमीटर जमीन
नड्डा ने ट्वीट में कहा, राजवंश के मिसएडवेंचर की वजह से हमने हजारों किलोमीटर अपनी जमीन खो दी। सियाचिन ग्लेशियर लगभग हाथ से चला गया और भी बहुत कुछ। कोई आश्चर्य नहीं कि भारत ने उन्हें खारिज कर दिया।
राहुल लगातार साध रहे हैं केंद्र पर निशाना
आपको बता दें कि भारत-चीन तनाव के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार केंद्र सरकार पर हमले कर रहे हैं। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से पूरी घटना की जानकारी मांगी थी। उन्होंने ट्वीट कर पूछा था कि गलवान घाटी में 20 भारतीय जवानों की शहादत का जिम्मेदार कौन है? मंगलवार को हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में चीन विवाद को लेकर केंद्र पर सोनिया गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने निशाना साधा था।