एंटरटेनमेंट डेस्क। 11 दिसंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई फिल्म ‘दुर्गामती’ में एक बार फिर लोक संगीत की खनक दिखाई दी। लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी का गाना बिन रांझे की हीर हुई मैं…ने दर्शकों को गदगद कर दिया। फिल्म ‘दुर्गामती’ में भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में ये गाना भूमि के किरदार चंचल और उसके प्रेमी रोहन के बीच की प्रेम कहानी में आए मतभेद को दिखाता है। रिलीज के बाद से ही ये गाना खूब पसंद किया जा रहा। इस गाने को मालिनी अवस्थी ने गाया है। वहीं, इसका संगीत लखनऊ के ही दो युवाओं नमन अधिकारी और अभिनव शर्मा ने दिया है। गाने के बाेल दीप्ति मिश्रा ने लिखे हैं। गोमती नगर निवासी अभिनव और इंदिरा नगर के रहने वाले नमन ने संगीत शिक्षा चेन्नई में एआर रहमान की संगीत अकादमी से हासिल की।

अभिनव और नमन ने मालिनी अवस्थी के मार्गदर्शन में पहले भी काम किया है। अभिनव बताते हैं, हम लोगों ने मिलकर एक फ्यूजन करने का निर्णय लिया। हमने गाने के संगीत में भारतीय शास्त्रीय वाद्ययंत्रों का प्रयोग किया, वहीं बीट्स वेस्टर्न रखी। राग बेस फोक-फ्यूजन म्यूजिक की हर कोई तारीफ कर रहा। लिरिक्स दीप्ति मिश्रा के हैं, वह मुंबई में रहती हैं। म्यूजिक प्रोग्रामिंग ऋषित चौहान का है। अभिनेता अक्षय कुमार ने इस गाने का चयन फिल्म दुर्गामती के लिए किया। दुर्गामती अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस की फिल्म है। इससे पहले फिल्म का पहला गाना बरस-बरस रिलीज किया गया था।
लोक संगीत की दुनिया में मालिनी अवस्थी का अपना एक अलग मुकाम है। जो खनक उनकी आवाज में दिखाई देती है, वो शायद और कहीं नहीं। फिल्म दुर्गामती में उनके इस फोक सांग ने जान डाल दी है। दर्शक इस गाने को खासा पसंद कर रहे हैं। इस गाने के माध्यम से एक बार फिर लोक संगीत की ओर दर्शकों का रुझान एक अच्छी खबर है। इसका श्रेय केवल मालिनी अवस्थी और उनकी टीम को जाता है।




































