Home State 17 नगर निगमों में 170 पार्षद मनोनीत, नई नियुक्तियों की अधिसूचना जारी

17 नगर निगमों में 170 पार्षद मनोनीत, नई नियुक्तियों की अधिसूचना जारी

7
0

लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने शहरी निकायों के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करते हुए प्रदेश के 17 नगर निगमों में 170 पार्षदों का मनोनयन किया है। इस संबंध में सोमवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई।

जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्य के प्रत्येक नगर निगम में 10-10 पार्षद नामित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 170 पार्षदों की नियुक्ति की गई है। जिन नगर निगमों में मनोनयन हुआ है, उनमें मुरादाबाद, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, मथुरा-वृंदावन, फिरोजाबाद, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर, कानपुर, झांसी, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर शामिल हैं।

इसके अलावा, प्रदेश की लगभग 200 नगर पालिका परिषदों और 545 नगर पंचायतों में भी सदस्यों को नामित किया गया है, जिससे स्थानीय निकायों में प्रशासनिक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

इस फैसले पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नवमनोनीत पार्षदों को बधाई दी है।

केशव प्रसाद मौर्या ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के नगर निकायों में मनोनीत समस्त पार्षदों को हार्दिक बधाई एवं सफल और उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आप सभी जनसेवा, क्षेत्रीय विकास और संगठन की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”

वहीं, प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता पंकज चौधरी ने भी सभी मनोनीत पार्षदों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ अपने-अपने क्षेत्रों के विकास में सक्रिय योगदान देंगे।