झांसी/यूपी। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ का एक अनोखा अंदाज वायरल हो रहा है जिसमें वे हॉकी खेलते हुए नजर आ रहे हैं। यह सब तब हुआ जब वे झांसी के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने हॉकी में हाथ आजमाए। वे विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने झांसी आए थे। इस दौरान उन्होंने हॉकी स्टिक से गोल भी दागे। मुख्यमंत्री योगी का हॉकी खेलते हुए वीडियो भी सामने आया है जिसमें वे काफी खुश नजर आ रहे हैं।
दरअसल, मंगलवार को मेजरध्यानचंद की जयंती पर झांसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां कई योजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम ने मैदान पर पहुंचकर हाथ में स्टिक उठाई और एक खिलाड़ी की तरह गोल पोस्ट कर दिया। मुख्यमंत्री का यह अंदाज दर्शकों समेत खिलाड़ियों को भी खूब पसंद आया है। जैसे ही सीएम ने हॉकी स्टिक से गोल किया, मैदान में मौजूद दर्शक तालियां बजाने लगे।
बताया गया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर झांसी में 2,009 करोड़ रुपए की 100 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। इसके अलावा उन्होंने हॉकी ओलंपिक खिलाड़ियों का सम्मान और हॉकी मैच का शुभारंभ भी किया। लेकिन इस बीच मुख्यमंत्री का यह निराला अंदाज देख स्टेडियम में मौजूद भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मुख्यमंत्री को गोल पोस्ट करते देखा जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक इससे पहले सीएम योगी ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही हॉकी संग्रहालय का उद्घाटन और अवलोकन भी किया। झांसी पहुंचे सीएम का जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था की गई थी। इन कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री मेजर ध्यानचंद स्टेडियम पहुंचे थे जहां लोगों ने उनका स्वागत किया।