Home State योगी ने वैष्णो देवी भूस्खलन में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख...

योगी ने वैष्णो देवी भूस्खलन में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता देने की घोषणा

3
0

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में वैष्णो देवी तीर्थ मार्ग पर हुए भूस्खलन में मारे गए श्रद्धालुओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने बुधवार को घोषणा की कि उत्तर प्रदेश के मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मृतकों के पार्थिव शरीर को शीघ्रातिशीघ्र उनके पैतृक स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।

सूत्रों के अनुसार, मृतकों में उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की नवविवाहिता चांदनी (23) और उसकी बड़ी बहन नीरा (36) शामिल हैं। दोनों की मृत्यु के साथ परिवार के तीन अन्य सदस्य चांदनी के पति मयंक, नीरा के पति अमित (40) और उनकी 10 वर्षीय पुत्री विधि—गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

परिवार 25 अगस्त को ट्रेन से माता वैष्णो देवी के दर्शन हेतु रवाना हुआ था। लौटते समय अचानक हुए भूस्खलन में उन पर विशाल पत्थर गिर पड़े। बताया गया कि चांदनी और मयंक की शादी इसी वर्ष अप्रैल में हुई थी।

जम्मू-कश्मीर प्रशासन के मुताबिक, मंगलवार दोपहर भारी बारिश के बाद हुए इस भूस्खलन में अब तक 34 लोगों की मृत्यु हो चुकी है जबकि कम से कम 20 लोग घायल हैं। सभी घायलों का इलाज जम्मू के एक अस्पताल में चल रहा है और शवों को घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।