Home National 62 दिन बाद घरेलू उड़ानें शुरू, पहली फ्लाइट दिल्ली से पहुंची पुणे

62 दिन बाद घरेलू उड़ानें शुरू, पहली फ्लाइट दिल्ली से पहुंची पुणे

893
0

नई दिल्ली। कोरोनाकाल में देश में 62 दिन बाद घरेलू उड़ानें सोमवार से शुरू हो गईं। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुबह 4 बजकर 45 मिनट पर पुणे के लिए सबसे पहली फ्लाइट रवाना हुई और यह 7 बजकर 30 मिनट पर पुणे पहुंच गई। इसमें सवार यात्रियों ने कहा- ‘हम यात्रा के पहले नर्वस थे, लेकिन सभी यात्रियों ने सावधानी बरती। फ्लाइट्स में कम लोग सवार थे।’ आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल को छोड़कर आज शाम तक पूरे देश फ्लाइट सर्विस बहाल हो जाएगी।

इस बीच, महाराष्ट्र के डिजास्टर मैनेजमेंट विभाग ने घरेलू उड़ान के यात्रियों के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर जारी की। इसके तहत सभी यात्रियों पर सील लगाई जाएगी। उन्हें 14 दिनों तक होम क्वारैंटाइन में रहना होगा। हालांकि, उन यात्रियों को छूट रहेगी जो थोड़े समय के लिए मुंबई आ रहे हैं। मगर, इसके लिए उन्हें अपनी यात्रा से जुड़ी जानकारी साझा करना होगी।

कोरोना और लॉकडाउन की वजह से सरकार ने 25 मार्च से घरेलू यात्री उड़ानों को पूरी तरह बंद कर दिया था। अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 22 मार्च से ही बंद हैं। इस दौरान मालवाहक उड़ानें और स्पेशल फ्लाइट्स का ऑपरेशन ही जारी था।

पैसेंजर खुश दिखे, फ्लाइट अटैंडेंड ने कहा- थोड़े चिंतित हैं
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुबह यात्री खुश दिखे। सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कर रहे थे। दिल्ली-पुणे प्लेन की फ्लाइट अटैंडेंड ने कहा- हम पहली बार काम पर आते वक्त चिंतित हैं। हमें एयरलाइन से पहनने के लिए पीपीई किट मिलेगा।

आज 1050 फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी
नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने रविवार को बताया कि आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल को छोड़कर 25 मई से देशभर में घरेलू उड़ानें शुरू हो जाएंगी। आंध्र में 26 मई और बंगाल में 28 मई से सीमित फ्लाइट्स को मंजूरी दी जाएगी। इससे पहले महाराष्ट्र और तमिलनाडु भी घरेलू उड़ानों के लिए मंजूरी दे चुके हैं। ये वह राज्य हैं, जो पहले घरेलू उड़ानें शुरू करने के पक्ष में नहीं थे। उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, सोमवार को 1050 फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी।

पहले हफ्ते 8214 विमानों का संचालन होना है। इसमें सबसे अधिक इंडिगो की 3632, स्पाइसजेट की 1403, गो एयर की 831, एअर इंडिया की 703, एयर एशिया की 610, विस्तारा की 539, एलायंस एयर 309 फ्लाइट्स हैं।

कौन सी फ्लाइट कहां गई
दिल्ली:
विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट दिल्ली से भुवनेश्वर के लिए रवाना हुई। इसमें 95 पैसेंजर सवार थे। वहीं, यहां पहली फ्लाइट अहमदाबाद से पहुंची।
बेंगलुरु: यहां से पहली फ्लाइट सुबह 5:35 बजे रांची के लिए उड़ी। इसमें 173 यात्री सवार थे। इसके अलावा एक फ्लाइट चेन्नई गई। एयरपोर्ट के अफसर के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक 17 फ्लाइट्स बेंगलुरु से रवाना हुईं और 5 फ्लाइट्स आईं।
चेन्नई: यहां से 111 यात्रियों को लेकर इंडिगो की फ्लाइट सुबह 6:25 बजे दिल्ली गई।
रांची: यहां से एयर एशिया की फ्लाइट ने सुबह 5:35 बजे उड़ान भरी। इसमें 173 यात्री सवार थे। चेन्नई से उड़ी इंडिगो की फ्लाइट ने यहां सुबह 7:30 बजे लैंड किया।

सभी राज्यों ने यात्रियों के लिए गाइंडलाइंस जारी की
घरेलू उड़ान सेवाएं शुरू होने से पहले सभी राज्यों ने यात्रियों के लिए सख्त स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर तय किया है। सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। उन्हें 14 दिन के लिए होम क्वारैंटाइन में जाना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here