Meet at Agra 2026 का 18वां संस्करण 3, 4 और 5 अक्टूबर 2026 को आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित होगा। चीन की 8 कंपनियों सहित देश-विदेश की कंपनियां फुटवियर कंपोनेंट्स, मशीनरी, मटेरियल और टेक्नोलॉजी प्रदर्शित करेंगी।
आगरा। फुटवियर उद्योग के प्रतिष्ठित आयोजन ‘मीट एट आगरा–2026’ (Meet at Agra 2026) के 18वें संस्करण की तैयारियां तेज हो गई हैं। तीन दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय फुटवियर ट्रेड फेयर 3, 4 एवं 5 अक्टूबर 2026 को आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित होगा। आयोजन की प्रगति को लेकर आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैंबर (AFMEC) की बैठक में फेयर से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं, देश-विदेश से होने वाली भागीदारी तथा फुटवियर उद्योग को व्यापक स्तर पर आयोजन से जोड़ने की तैयारियों की समीक्षा की गई।
अंतरराष्ट्रीय भागीदारी होगी Meet at Agra 2026 का प्रमुख आकर्षण
एफमैक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि ‘मीट एट आगरा’ की गूंज आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी महसूस की जा रही है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय भागीदारी फेयर का विशेष आकर्षण होगी। चीन की आठ कंपनियों ने फुटवियर कंपोनेंट्स, मशीनरी एवं अन्य मटेरियल के साथ प्रदर्शनी में भाग लेने में रुचि दिखाई है। इसके अलावा भारत सहित अन्य देशों की अनेक कंपनियों की भागीदारी से इस बार फेयर पहले से अधिक व्यापक और भव्य स्वरूप लेगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में एफमैक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा ने आगरा फुटवियर इंडस्ट्री के हितों को ध्यान में रखते हुए उद्योग को एक सशक्त व्यावसायिक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘मीट एट आगरा’ की शुरुआत की थी। तब से यह आयोजन फुटवियर, कंपोनेंट्स, मशीनरी, मटेरियल और टेक्नोलॉजी से जुड़े उद्योग जगत के लिए एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित हुआ है।
18वें संस्करण को और प्रभावशाली बनाने की तैयारी
डीसीएफएलआई के चेयरमैन एवं एफमैक के पूर्व अध्यक्ष पूरन डावर ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल में ‘मीट एट आगरा’ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब अध्यक्ष गोपाल गुप्ता के नेतृत्व में एफमैक कार्यकारिणी इसके 18वें संस्करण को और अधिक प्रभावशाली एवं व्यापक बनाने में जुटी है।
आयोजन की सफलता के लिए केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों से लगातार शुभकामना संदेश भी प्राप्त हो रहे हैं।
घरेलू फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स, होलसेलर्स और डीलर्स पर विशेष फोकस
इस वर्ष एफमैक ने घरेलू फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स, होलसेलर्स और डीलर्स की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है। इसका उद्देश्य घरेलू बाजार से जुड़े उद्यमियों को एक ही मंच पर नवीनतम फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल, मशीनरी और टेक्नोलॉजी से रूबरू कराना है, ताकि वे अपनी जरूरत के अनुरूप नए समाधान तलाश सकें तथा अपने उत्पाद और उत्पादन प्रक्रिया को अपग्रेड कर सकें।
एफमैक ने फुटवियर फैक्ट्रियों के मालिकों से विशेष रूप से अपील की है कि वे अपनी परचेज टीम के साथ Meet at Agra 2026 में आएं, जिससे उनकी टीम सीधे सप्लायर्स, कंपोनेंट निर्माताओं, मशीनरी कंपनियों और टेक्नोलॉजी प्रदाताओं से संवाद कर सके तथा व्यवसाय के लिए नई संभावनाएं तलाश सके।
विभिन्न फुटवियर संगठनों ने दिया समर्थन
एफमैक की इस पहल को विभिन्न फुटवियर संगठनों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा, FAFM के अध्यक्ष संचित मुंजाल एवं चेयरमैन कुलदीप कोहली तथा CIFI के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर सिंह ‘लवली’ ने आश्वस्त किया है कि उनके संगठनों से जुड़े सदस्य बड़ी संख्या में ‘मीट एट आगरा–2026’ में सहभागिता कर इस औद्योगिक मंच का लाभ उठाएंगे।
बैठक में ये रहे मौजूद
तैयारियों की समीक्षा बैठक में एफमैक उपाध्यक्ष राजीव वासन एवं राजेश सहगल, महासचिव प्रदीप वासन, सचिव अनुरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा के साथ माला खेड़ा, सुनील मनचंदा और कुलदीप गुजराल विशेष रूप से मौजूद रहे।




































