नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री को दिया गया औपचारिक आमंत्रण
आगरा। कॉरपोरेट काउंसिल फॉर लीडरशिप एंड अवेयरनेस (CCLA) द्वारा 7 एवं 8 अगस्त 2026 को जेपी पैलेस होटल एंड कन्वेंशन सेंटर, आगरा में आयोजित होने जा रहे AI FutureReady Conclave 2026 में केंद्रीय राज्य मंत्री, वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, भारत सरकार श्री जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस संबंध में नई दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में CCLA के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें कॉन्क्लेव का औपचारिक आमंत्रण पत्र भेंट किया।
CCLA प्रतिनिधिमंडल ने साझा किया कॉन्क्लेव का विज़न
प्रतिनिधिमंडल में डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री (DCFLI) एवं CCLA के चेयरमैन पूरन डावर, CCLA के महासचिव अजय शर्मा, कन्वीनर ब्रजेश शर्मा तथा काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट्स (CLE) के रीजनल डायरेक्टर अतुल कुमार मिश्रा शामिल रहे।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कॉन्क्लेव की रूपरेखा, उद्देश्यों तथा उद्योग, MSME और स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए इसके महत्व की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी।
AI, MSME और डिजिटल भारत को मिलेगा नया मंच
केंद्रीय मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने AI FutureReady Conclave 2026 की अवधारणा की सराहना करते हुए इसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), नवाचार, उद्योग, MSME, स्टार्टअप तथा डिजिटल परिवर्तन को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच बताया। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएँ भी दीं।
देशभर के विशेषज्ञ, उद्योगपति और निवेशक होंगे शामिल
उल्लेखनीय है कि AI FutureReady Conclave 2026 का आयोजन 7 एवं 8 अगस्त 2026 को जेपी पैलेस होटल एंड कन्वेंशन सेंटर, आगरा में किया जाएगा। इस दो दिवसीय कॉन्क्लेव में देशभर से नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ, स्टार्टअप, शिक्षाविद्, निवेशक तथा MSME उद्यमी भाग लेंगे।
AI आधारित भविष्य की तकनीकों पर होगा मंथन
कार्यक्रम के दौरान AI आधारित नवाचार, डिजिटल परिवर्तन, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, भविष्य की उभरती तकनीकों तथा ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका पर विस्तृत चर्चा होगी। साथ ही उद्योगों को AI आधारित समाधानों से जोड़कर उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया जाएगा।

































