Home Agra News आगरा MLC चुनाव: तीन बूथों पर फिर मतदान कराने की संस्तुति, सपा...

आगरा MLC चुनाव: तीन बूथों पर फिर मतदान कराने की संस्तुति, सपा ने लगाए थे गड़बड़ी के आरोप

4
0
  • खेरागढ़, सैंया और फतेहाबाद के बूथ शामिल, पुनर्मतदान पर निर्वाचन आयोग लेगा अंतिम फैसला

आगरा। आगरा शिक्षक खंड विधान परिषद (MLC) चुनाव में मतदान के दौरान गड़बड़ी की शिकायतों के बीच तीन बूथों पर पुनर्मतदान कराने की संस्तुति की गई है। बूथ संख्या 20, 21 और 26 पर दोबारा मतदान कराने का प्रस्ताव निर्वाचन आयोग को भेजा गया है। अब इस संबंध में आयोग के अंतिम निर्णय का इंतजार है।

प्रस्ताव के अनुसार, खेरागढ़ तहसील परिसर के कक्ष संख्या एक स्थित बूथ संख्या 20, सैंया क्षेत्र पंचायत कार्यालय के कक्ष संख्या एक स्थित बूथ संख्या 21 और फतेहाबाद क्षेत्र पंचायत कार्यालय के कक्ष संख्या एक स्थित बूथ संख्या 26 पर पुनर्मतदान कराने की संस्तुति की गई है।

कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ था मतदान

शुक्रवार को आगरा में शिक्षक और स्नातक खंड के चुनाव के लिए 27 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर अधिकारी, सेक्टर पुलिस अधिकारी और माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए थे। इसके अलावा निगरानी के लिए 11 जोनल अधिकारी लगाए गए और मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद कुछ मतदान केंद्रों पर हंगामे और भाजपा-सपा समर्थकों के बीच नोकझोंक की घटनाएं सामने आईं। मतदान के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी हुए।

सपा प्रत्याशी ने उठाए फर्जी मतदान के सवाल

समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल, सांसद रामजीलाल सुमन, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने मतदान में गड़बड़ी तथा सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के आरोप लगाए। सपा नेताओं ने फर्जी मतदान, बूथ कैप्चरिंग और मतदान केंद्रों पर अनधिकृत लोगों की मौजूदगी की शिकायत की थी।

प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने फतेहाबाद में भाजपा प्रत्याशी के भतीजे और पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर से जुड़े कथित मामले को लेकर भी शिकायत की थी। सपा ने संबंधित बूथ पर पुनर्मतदान की मांग उठाई थी।

कई मतदान केंद्रों पर अनियमितता के आरोप

सपा नेताओं ने नगर निगम इंटर कॉलेज, पंचकुइयां और कटरा वजीर खान स्थित जय भारती विद्या मंदिर सहित कुछ अन्य मतदान केंद्रों पर भी कथित फर्जी वोटिंग के आरोप लगाए थे।

नगर निगम इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर भाजपा समर्थकों की कई गाड़ियों के पहुंचने की शिकायत भी की गई थी। इसके बाद पुलिस ने गाड़ियों को वहां से हटवाया। मतदान के दौरान सपा और भाजपा समर्थकों के बीच नोकझोंक की भी सूचना मिली।

शिक्षक खंड में 65 प्रतिशत से अधिक मतदान

मतदान के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक खंड में 65.07 प्रतिशत और स्नातक खंड में 51.54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

तीन बूथों पर पुनर्मतदान की संस्तुति के बाद अब सभी की निगाहें निर्वाचन आयोग के निर्णय पर टिकी हैं। आयोग के फैसले के बाद ही स्पष्ट होगा कि संबंधित बूथों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा या नहीं।