Home State 2027 के रण का शंखनाद: लखनऊ पहुंचे अमित शाह, बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति...

2027 के रण का शंखनाद: लखनऊ पहुंचे अमित शाह, बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का किया उद्घाटन

4
0

विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को देंगे जीत का मंत्र; बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर होगा मंथन, सीएम योगी समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। उन्होंने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

एयरपोर्ट पर सीएम योगी समेत नेताओं ने किया स्वागत

अमित शाह के लखनऊ पहुंचने पर चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। बैठक में अमित शाह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

‘अमित शाह का मिलेगा मार्गदर्शन’

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अमित शाह का मार्गदर्शन पार्टी के लिए महत्वपूर्ण होगा। उनके नेतृत्व और प्रेरणा से 2027 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी कार्यकर्ता नए उत्साह के साथ मैदान में उतरेंगे।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नए प्रदेश संगठन के गठन के बाद पंकज चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश कार्यसमिति की यह पहली बैठक है। अमित शाह कुशल राजनीतिक रणनीतिकार हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश में कई अभियानों का नेतृत्व किया है और हर बार पार्टी को बड़ी जीत मिली है।

ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के लिए अभिभावक के समान हैं। वह प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन कर संगठन को नई ऊर्जा और मार्गदर्शन देंगे।

अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को किसी भ्रम में नहीं रहना चाहिए। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है और पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगी।

रवि किशन बोले- ‘राजनीति के चाणक्य आ रहे’

भाजपा सांसद रवि किशन ने अमित शाह के दौरे को लेकर कहा कि राजनीति के चाणक्य आ रहे हैं। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और यहां मेले जैसा माहौल है। उन्होंने कहा कि अमित शाह के पैर बहुत शुभ हैं। बंगाल चुनाव में भी वह उनके साथ थे और जहां उन्होंने कदम रखा, वहां पार्टी के पक्ष में माहौल बना।

‘विकसित यूपी की आज से होगी शुरुआत’

भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि अमित शाह पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने और उनका मार्गदर्शन करने आ रहे हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही पार्टी आज इस मुकाम तक पहुंची है। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप 2027 तक विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प की शुरुआत आज से होगी।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

अमित शाह के दौरे को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और चुनावी अभियान की रूपरेखा पर चर्चा होने की संभावना है।

इसके साथ ही समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के मुकाबले भाजपा की चुनावी रणनीति, विपक्ष के मुद्दों का जवाब देने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के तौर-तरीकों पर भी मंथन होगा।

चुनावी मुद्दों और प्रचार की दिशा पर होगा मंथन

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में इस बात पर भी चर्चा होगी कि पार्टी किन मुद्दों और संदेशों के साथ जनता के बीच जाएगी। चुनाव प्रचार की दिशा क्या होगी और कार्यकर्ताओं की भूमिका किस तरह तय की जाएगी, इन विषयों पर रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक के समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे।