बैंगलुरु। चंद्रयान-3 के विक्रम और प्रज्ञान पर दुनियाभर की निगाहें टिकी हुई हैं। इसका कारण यह है कि चांद की सतह पर लैंडिंग के बाद ही चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर ने अपना काम शुरू कर दिया था। इसी कड़ी में अब प्रज्ञान रोवर ने अपने विक्रम लैंडर की तस्वीर खींची है। यह वह तस्वीर है जो पहली बार उसने अपने नेविगेशन कैमरे का इस्तेमाल करके क्लिक की है। खुद इसरो ने इसे शेयर किया है और इस तस्वीर को शेयर करते हुए इसरो ने बहुत ही शानदार कैप्शन भी लिखा है।
विक्रम लैंडर ने की क्लिक तस्वीर
दरअसल, इसरो ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि स्माइल प्लीज प्रज्ञान रोवर ने आज सुबह विक्रम लैंडर की एक तस्वीर क्लिक की है। यह तस्वीर रोवर ने ऑनबोर्ड नेविगेशन कैमरा से ली है। नैवकैम को लेबोरेटरी फॉर इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम्स ने बनाया है। प्रज्ञान रोवर में एक तरफ दो नैवकैम लगे हैं। मालूम हो कि रोवर का कुल वजन 26 किलो है। यह 3 फीट लंबा, 2.5 फीट चौड़ा और 2.8 फीट ऊंचा है व छह पहियों पर चलता है।
मजबूत तरीके से कर रहा काम
इस तस्वीर में साफ-साफ विक्रम लैंडर दिखाई दे रहा है। हालांकि वह एक तरफ झुका हुआ जरूर नजर आ रहा है लेकिन एकदम मजबूत तरीके से काम करता दिखाई दे रहा है। फिलहाल उसकी यह तस्वीर जमकर वायरल हो रही है। इससे महज एक दिन पहले चंद्रयान-3 के प्रज्ञान रोवर में लगे एक पेलोड ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ऑक्सीजन की मौजूदगी की पुष्टि की है। इसरो ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। इतना ही नहीं इसके अलावा सल्फर की भी मौजूदगी की पुष्टि की गई।