Home State मथुरा में बनेगा ‘कृष्ण लोक पार्क’, अयोध्या में ‘लव-कुश पार्क’ और ‘श्रीपुरुषोत्तम...

मथुरा में बनेगा ‘कृष्ण लोक पार्क’, अयोध्या में ‘लव-कुश पार्क’ और ‘श्रीपुरुषोत्तम दर्शन अनुभव केंद्र

22
0

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर विकास विभाग ने मथुरा और अयोध्या में भगवान श्रीकृष्ण एवं प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित थीम पार्क और अनुभव केंद्र (Experience Centers) विकसित करने की विस्तृत कार्ययोजना मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की।

कचरे से कंचन: वेस्ट मटेरियल से बनेगा थीम पार्क
‘कचरे से कंचन’ की अवधारणा पर आधारित ये पार्क प्रयागराज में बने शिवालय पार्क और लखनऊ के यूपी दर्शन पार्क की तर्ज पर विकसित किए जाएंगे। नगर विकास विभाग मथुरा में ‘कृष्ण लोक पार्क’ तथा अयोध्या में ‘लव-कुश पार्क’ और ‘श्रीपुरुषोत्तम दर्शन अनुभव केंद्र’ का निर्माण करेगा। ये पार्क न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को प्रोत्साहित करेंगे, बल्कि स्थानीय निकायों के लिए राजस्व का नया स्रोत भी बनेंगे।

कृष्ण लोक पार्क: मथुरा-वृंदावन की झलक

मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में प्रस्तावित कृष्ण लोक पार्क में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन की प्रमुख लीलाओं को अत्याधुनिक तकनीकों जैसे 3D इमेजिंग, लाइट एंड साउंड शो, और इंटरैक्टिव मॉडल्स के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रमुख झांकियों में कृष्ण जन्म, पूतना वध, बकासुर वध, कंस वध, रासलीला, द्रौपदी चीरहरण और महाभारत में गीता उपदेश सहित उनका विराट स्वरूप शामिल होंगे।
बच्चों के मनोरंजन के लिए बांसुरी और मयूर आकृति के झूले तथा द्वापर युगीन मथुरा-वृंदावन का आकर्षक परिदृश्य भी बनाया जाएगा।

अयोध्या में लव-कुश पार्क और श्रीपुरुषोत्तम दर्शन अनुभव केंद्र

अयोध्या में बनने वाला लव-कुश पार्क प्रभु श्रीराम एवं उनके पुत्रों लव-कुश के जीवन प्रसंगों पर आधारित होगा।
यहां एलईडी डिस्प्ले, टच कियोस्क, वॉल म्युरल्स, प्रोजेक्शन मैपिंग और इंटरैक्टिव एलईडी वॉल जैसी तकनीकों से युक्त ‘श्रीपुरुषोत्तम दर्शन अनुभव केंद्र’ भी स्थापित किया जाएगा।

पार्क में बच्चों के लिए मनोरंजन क्षेत्र (एंटरटेनमेंट ज़ोन) बनाया जाएगा, जिसमें सेल्फी पॉइंट, धनुष-बाण का मैदान, घोड़े की सवारी, ऑब्स्टेकल कोर्स, लर्निंग एरिया और रामकथा के प्रेरक प्रसंगों की प्रस्तुति शामिल होगी।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी गाथाओं पर आधारित ये थीम पार्क धार्मिक नगरियों में आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए नया अनुभव प्रस्तुत करेंगे, जिससे आध्यात्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा।