Home Agra News तेज रफ्तार कार ने मचाई दहशत, स्कूटी सवार घायल

तेज रफ्तार कार ने मचाई दहशत, स्कूटी सवार घायल

2
0

आगरा। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि स्कूटी कार में फंस गई। आरोप है कि कार चालक स्कूटी को करीब एक किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। लोगों को पीछा करते देख चालक पशु चिकित्सालय के पास कार छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गुरुवार शाम करीब चार बजे फतेहपुर सीकरी स्थित गुलिस्ता टूरिस्ट पार्किंग के समीप यह हादसा हुआ। गांव सीकरी चार हिस्सा के मोहल्ला उचियापाड़ा निवासी समुद्र सिंह (32) पुत्र हरी सिंह बाजार से सामान खरीदकर स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि समुद्र सिंह सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि उनकी स्कूटी कार में फंस गई। इसके बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी और स्कूटी को करीब एक किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। घटना के बाद लोगों ने कार का पीछा किया। भीड़ को पीछे आते देख चालक पशु चिकित्सालय परिसर के पास कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और घायल के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल समुद्र सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।

पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।