
एंटरटेनमेंट डेस्क। बहुचर्चित भोजपुरी अभिनेत्री मोनालिसा अपने हुनर से दर्शकों के दिलों में राज करती आई हैं। अब मोनालिसा एक जबरदस्त टीवी शो में नजर आने वाली हैं। ‘नमक इश्क का’ में एक महत्वपूर्ण किरदार में नजर आने वाली भोजपुरी अभिनेत्री मोनालिसा का कहना है कि इस आगामी टेलीविजन शो में उनका किरदार उनका ड्रीम रोल है। ‘नमक इश्क का’ में एक डांसर की कहानी बताई गई है, जिसका नाम चमचम है। उसे शादी का बहुत मन रहता है, लेकिन समाज उसे बहू के रूप में अपनाने से इंकार करता है। मोनालिसा शो में एक नेगेटिव रोल में नजर आने वाली हैं।

अपने किरदार के बारे में मोनालिसा ने बताया, “शो में मेरा किरदार नकारात्मक है, जिसका नाम ईरावती वर्मा है, जो कि बहुत स्ट्रॉन्ग और धूर्त है, लेकिन लोगों के सामने मीठा बोलती है और खुद को मासूम दिखाती है। इस किरदार के कई सारे शेड्स हैं, जिसके बारे में धीरे-धीरे जानने को मिलेगा। लोग ईरावती से डरते हैं। परिवार में भी उसका ही चलता है। यह एक बेहद ही सशक्त किरदार है। यह मेरा ड्रीम रोल है। मुझे अभी कई अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाने को मिल रही हैं।”
‘नमक इश्क का’ में श्रुति शर्मा को चमचम के किरदार में देखा जाएगा। उनके अलावा, आदित्य ओझा और विशाल आदित्य सिंह भी हैं। फ़िलहाल मोनालिसा अपने किरदार को लेकर खासी उत्साहित नजर आ रही हैं। जल्द ही ये शो टीवी पर प्रसारित होगा और मोनालिसा के किरदार को देखने का मौका मिलेगा।




































