नई दिल्ली: विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ ने 14 टीवी पत्रकारों का बायकॉट करने का फैसला किया है। कांग्रेस नेता और मीडिया एंड पब्लिसिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन पवन खेड़ा ने इन न्यूज एंकर्स की लिस्ट जारी की, जिनके शो में प्रवक्ताओं को नहीं भेजा जाएगा। इस सूची में सुधीर चौधरी, चित्रा त्रिपाठी समेत 14 नाम हैं। पवन खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘INDIA मीडिया समिति द्वारा आज दोपहर आयोजित एक वर्चुअल बैठक में निम्नलिखित निर्णय लिया गया है। इंडिया दल 14 न्यूज एंकर्स के शो और इवेंट में अपने प्रतिनिधि नहीं भेजेगा।’ लिस्ट में अदिति त्यागी, अमन चोपड़ा, अमीष देवगन, आनंद नरसिम्हन, अर्णब गोस्वामी, अशोक श्रीवास्तव, चित्रा त्रिपाठी, गौरव सावंत, नविका कुमार, प्राची पराशर, रुबिका लियाकत, शिव अरूर, सुधीर चौधरी और सुशांत सिन्हा हैं।
विपक्ष द्वारा उठाए गए इस कदम के पीछे तर्क यह है कि मीडिया का एक वर्ग के लंबे समय सिर्फ भाजपा के बारे में बात करता है. अतीत में, विपक्ष के कुछ लोग मीडिया के इस वर्ग के लिए “मोडिया” शब्द का इस्तेमाल करते रहे हैं। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान भी राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा था कि मेरा आरोप है कि संपादकों ने यात्रा का बहिष्कार किया। यात्रा को लोगों का समर्थन मिला, लेकिन मुख्यधारा की मीडिया ने इसका बहिष्कार किया।
सूची सार्वजनिक होने के बाद भाजपा ने विपक्ष पर निशाना साधा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “इन दिनों, INDI एलायंस केवल 2 चीजें कर रहा है। सनातन संस्कृति को नुकसान पहुंचाना – प्रत्येक पार्टी सनातन संस्कृति के प्रति दुर्व्यवहार करने में एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में है। मीडिया को धमकाना- एफआईआर दर्ज करना, व्यक्तिगत पत्रकारों को धमकाना, किसे निशाना बनाना है इसकी असली नाज़ी शैली में ‘सूचियां’ बनाना। इन पार्टियों के बीच आपातकाल युग की मानसिकता जीवित है।’