Home Agra News फुटवियर उद्योग को मिलेगी नई रफ्तार, सिडबी–एफमेक ने मिलाया हाथ

फुटवियर उद्योग को मिलेगी नई रफ्तार, सिडबी–एफमेक ने मिलाया हाथ

8
0
आगरा के फुटवियर उद्योग की एमएसएमई इकाइयों के विकास, प्रोत्साहन तथा संस्थागत सहयोग को मजबूत करने की दिशा में सिडबी एवं एफमेक के बीच हुआ समझौता
  •  ‘सिडबी–एफमेक इंडस्ट्री कनेक्ट’ में उद्योग के विकास हेतु समझौते पर हस्ताक्षर
  •  उद्यमियों की जरूरतों, निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर हुआ मंथन

आगरा। आगरा फुटवियर क्लस्टर के विकास एवं फुटवियर क्षेत्र की सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) इकाइयों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) एवं आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) द्वारा शुक्रवार को फेयरफील्ड बाय मैरियट में ‘सिडबी–एफमेक इंडस्ट्री कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सिडबी के डेवलपमेंट ऑफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (DIA) कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस समारोह में सिडबी एवं एफमेक के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह पहल आगरा के फुटवियर उद्योग की एमएसएमई इकाइयों के विकास, प्रोत्साहन तथा संस्थागत सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम ने बैंक एवं उद्योग प्रतिनिधियों को एक साझा मंच प्रदान किया। इस सहयोग का उद्देश्य फुटवियर उद्यमों की आवश्यकताओं को समझते हुए उनके विकास के लिए बेहतर समन्वय स्थापित करना और आगरा फुटवियर क्लस्टर की प्रगति को गति देना है।

दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ करते फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के चेयरमैन पूरन डावर, एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा, उपाध्यक्ष राजेश सहगल, एफमेक महासचिव प्रदीप वासन, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, सिडबी की आगरा शाखा के सहायक महाप्रबंधक जितेंद्र जैन एवं अन्य।

सिडबी की आगरा शाखा के सहायक महाप्रबंधक जितेंद्र जैन ने कहा कि सिडबी का प्रयास है कि फुटवियर क्षेत्र की एमएसएमई इकाइयों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप वित्तीय मार्गदर्शन एवं संस्थागत सहयोग मिले। एफमेक के साथ यह पहल उद्यमियों तक सिडबी की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उनके विकास की संभावनाओं को विस्तार देने में सहायक होगी।

कार्यक्रम की जानकारी देते एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता।

एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि आगरा के फुटवियर उद्यमियों में अपार क्षमता है। वित्त तक सुगम पहुंच, तकनीकी उन्नयन और कारोबार विस्तार के लिए उचित मार्गदर्शन इस क्षमता को नई दिशा दे सकता है। सिडबी के साथ यह सहयोग सदस्य इकाइयों की जरूरतों को प्रभावी ढंग से सामने रखने और उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

एफमेक कन्वीनर एवं फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के चेयरमैन पूरन डावर ने कहा कि आगरा फुटवियर क्लस्टर को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ाने के लिए उत्पादन क्षमता के साथ गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और उत्पादकता पर ध्यान देना आवश्यक है। सिडबी और एफमेक का यह सहयोग छोटे उद्यमों को सशक्त बनाने, निवेश को प्रोत्साहित करने तथा रोजगार के नए अवसरों का आधार तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

इस अवसर पर एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा, उपाध्यक्ष राजेश सहगल, एफमेक महासचिव प्रदीप वासन, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, ललित अरोरा, सुनील मनचंदा और रोमी लूथरा, शशांक बंसल सहित उद्योग जगत के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।