आगरा। नटरांजलि थिएटर आर्ट्स के प्रतिभाशाली कलाकार एवं बॉलीवुड अभिनेता व कास्टिंग डायरेक्टर सुनील शाक्य को सिकंदरा स्थित एक स्थानीय रेस्टोरेंट में आयोजित समारोह में ‘नटरांजलि गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
हाल ही में रिलीज हुई चर्चित हॉरर फिल्म ‘हॉन्टेड 3D’ में कास्टिंग के साथ-साथ थानेदार की प्रभावशाली भूमिका निभाकर सुनील शाक्य ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया और आगरा का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर नटरांजलि परिवार ने उन्हें फूल-मालाएं, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर रोहित कत्याल, लालाराम तैनगुरिया, पारुल भारद्वाज, रुपेन्द्र राणा, वर्षा दुबे एवं संस्था की निदेशक अलका सिंह शर्मा उपस्थित रहीं।
नटरांजलि की निदेशक अलका सिंह शर्मा ने बताया कि सुनील शाक्य ने 11वीं कक्षा से ही नटरांजलि थिएटर के बैनर तले अभिनय की शुरुआत की थी। उन्होंने कई प्रभावशाली किरदार निभाए, जिन्हें अखिल भारतीय नाट्य समारोहों में सराहना मिली। लगभग आठ वर्षों के रंगमंचीय सफर में उन्होंने अनेक पुरस्कार भी प्राप्त किए।
सुनील ने वर्ष 2013 से बॉलीवुड में अपना सफर शुरू किया और ‘इश्क का रंग सफेद’, ‘एक शुभान अल्लाह’, ‘हैक्ड’, ‘इलीगल’, ‘अतिथि देवो भवः’, ‘शुक्राणु’ सहित कई परियोजनाओं में कास्टिंग का कार्य किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सुनील शाक्य ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरु अलका सिंह शर्मा को दिया।




































