आगरा में विकास कार्यों, पीडब्ल्यूडी कार्ययोजना और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक संपन्न
आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद आगरा के दौरे के दौरान मंडलायुक्त सभागार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पुराने एवं प्रस्तावित कार्यों, जनपदीय विकास योजनाओं तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क, सीवर, जल जीवन मिशन अथवा अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण में कमी मिलने पर संबंधित इंजीनियर और ठेकेदार की जवाबदेही तय करते हुए एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पीडब्ल्यूडी की कार्ययोजना ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। सांसद, विधायक, एमएलसी और अन्य जनप्रतिनिधि अपनी प्राथमिकताएं तय करें तथा यदि कोई संशोधन या सुझाव हो तो तत्काल उपलब्ध कराएं, ताकि प्रस्तावों को स्वीकृति देकर धनराशि जारी की जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा अब मेट्रो शहर की श्रेणी में है, इसलिए पानी, सड़क, सीवर, सौंदर्यीकरण एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उसी स्तर की उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
बैठक में एयरपोर्ट विस्तारीकरण, सड़क चौड़ीकरण, सेतु निर्माण और अन्य विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी परियोजना में कानूनी अथवा पर्यावरणीय बाधाएं हैं तो उनके समाधान हेतु वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिवक्ताओं का पैनल बनाकर प्रभावी पैरवी की जाए, ताकि विकास कार्य बाधित न हों।
मुख्यमंत्री ने पड़ोसी राज्यों से हो रहे अवैध खनन और निराश्रित पशुओं की समस्या पर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कों को क्षति पहुंचाने वाले भारी वाहनों एवं डंपरों से सड़क क्षतिपूर्ति की वसूली सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान आगरा मेट्रो विस्तार, जल जीवन मिशन, अमृत योजना, सड़क पुनर्स्थापन, सीएम ग्रिड योजना एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी, जनप्रतिनिधिगण, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




































