Home Agra News एस एन मेडिकल कॉलेज में आधुनिक PACS डिजिटल सेवा का शुभारंभ

एस एन मेडिकल कॉलेज में आधुनिक PACS डिजिटल सेवा का शुभारंभ

4
0
अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन करते कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन प्रो. डॉ. प्रशांत गुप्ता
  • सीटी स्कैन, एमआरआई और डिजिटल एक्स-रे की रिपोर्टिंग होगी तेज, मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा

आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एस.एन. मेडिकल कॉलेज), आगरा के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में गुरुवार को आधुनिक PACS (Picture Archiving and Communication System) डिजिटल सेवा का शुभारंभ किया गया। कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन प्रो. डॉ. प्रशांत गुप्ता ने फीता काटकर इस अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन किया।

PACS प्रणाली के शुरू होने से सीटी स्कैन, एमआरआई और डिजिटल एक्स-रे की इमेज एवं रिपोर्टिंग प्रक्रिया अधिक तेज और सुगम होगी। इसके माध्यम से चिकित्सक कंप्यूटर एवं डिजिटल स्क्रीन पर मरीजों की रेडियोलॉजी इमेज देख सकेंगे। विशेष रूप से इमरजेंसी, आईसीयू और विभिन्न वार्डों में भर्ती गंभीर मरीजों के उपचार में इससे मदद मिलेगी।

इस डिजिटल प्रणाली के तहत मरीजों की रेडियोलॉजी इमेज और संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रूप से संग्रहित किए जा सकेंगे। इससे भविष्य में उपचार के दौरान पुरानी रिपोर्ट देखने में सुविधा होगी। साथ ही, डिजिटल माध्यम से इमेज साझा किए जाने के कारण फिल्म पर निर्भरता कम होगी और कागज एवं फिल्म के उपयोग में कमी आएगी।

इस अवसर पर प्राचार्य एवं डीन प्रो. डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि एस.एन. मेडिकल कॉलेज मरीजों को आधुनिक एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। PACS सेवा शुरू होने से जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी और अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा, जिससे मरीजों को लाभ मिलेगा।

रेडियोडायग्नोसिस विभागाध्यक्ष डॉ. हरि सिंह ने कहा कि PACS प्रणाली डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा चिकित्सकों को रेडियोलॉजी इमेज तक शीघ्र पहुंच मिलेगी। इससे मरीजों की जांच और उपचार संबंधी निर्णय लेने में सहूलियत होगी।

कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य डॉ. टी.पी. सिंह, प्रमुख अधीक्षक डॉ. ब्रजेश शर्मा, डॉ. अंकुर गोयल, डॉ. शैलेंद्र चौधरी, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. अखिल प्रताप सिंह, डॉ. निखिल शर्मा, डॉ. करिश्मा गुप्ता, डॉ. अजय श्रीवास्तव, डॉ. वी.पी. पांडेय सहित रेजिडेंट चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।