- किशोर एक्सपोर्ट्स के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य व डेंटल हाइजीन किट का वितरण, नेत्र परीक्षण के बाद जरूरतमंद महिलाओं को दिए चश्मे
आगरा। किशोर शक्ति फाउंडेशन ने महिला स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण की दिशा में पहल करते हुए शुक्रवार को ईपीआईपी, शास्त्रीपुरम स्थित किशोर एक्सपोर्ट्स में स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण अभियान का शुभारम्भ किया। किशोर एक्सपोर्ट्स के सहयोग से संचालित इस अभियान के तहत लगभग 3,500 जरूरतमंद महिला श्रमिकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में महिलाओं को निःशुल्क हेल्थ एवं मेडिसिन किट और डेंटल हाइजीन किट वितरित की गईं। साथ ही निःशुल्क नेत्र परीक्षण कर दृष्टिदोष से प्रभावित जरूरतमंद महिलाओं को उनकी नजर के अनुरूप चश्मे प्रदान किए गए।
महिला स्वास्थ्य और नियमित जांच पर जोर
अक्टूबर में मनाए जाने वाले स्तन कैंसर जागरूकता माह तथा 29 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय देखभाल एवं सहयोग दिवस की भावना के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। महिलाओं को बीमारियों की समय पर पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श का महत्व बताया गया।
स्वास्थ्य से आत्मनिर्भरता तक महिलाओं का सहयोग
किशोर शक्ति फाउंडेशन की स्नेहलता अग्रवाल ने कहा कि वस्त्र एवं परिधान निर्यातक समूह किशोर एक्सपोर्ट्स के सहयोग से फाउंडेशन महिला रोजगार, सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि फाउंडेशन अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को कार्यस्थल से आगे बढ़ाते हुए आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य, सम्मान, आत्मनिर्भरता और जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “स्वस्थ एवं सशक्त महिलाएं ही मजबूत परिवार और समृद्ध समाज की आधारशिला हैं।”
कार्यक्रम में किशोर एक्सपोर्ट्स की साक्षी अग्रवाल एवं कोपल अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विदेशी अतिथि नादीन, ग्रेग, हाकन, शीना एवं संदीप प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।




































