- सुबोध उनियाल और गायक दलेर मेहंदी के बीच विवाद के बाद मुख्यमंत्री ने जाना हालचाल, कहा- ‘अतिथि देवो भव’ हमारी परंपरा
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मशहूर गायक दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हाल के घटनाक्रम पर चर्चा करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में कला, संस्कृति और कलाकारों का हमेशा सम्मान किया जाता है। राज्य की पहचान ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा, आत्मीय आतिथ्य और आपसी सद्भाव से है।
मुख्यमंत्री धामी का यह बयान उत्तराखंड सरकार के एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और दलेर मेहंदी के बीच हुए विवाद के बाद आया है। मुख्यमंत्री ने इससे पहले भी स्पष्ट किया था कि राज्य में सभी कलाकारों का सम्मान किया जाता है। उन्होंने दलेर मेहंदी और उनके भाई एवं गायक मीका सिंह से बातचीत करने की बात कही थी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में हुआ था विवाद
यह मामला रविवार रात नई टिहरी क्षेत्र के नरेंद्र नगर में आयोजित ‘सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले’ का है। उत्तराखंड सरकार की ओर से आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और गायक के प्रदर्शन को लेकर नाराजगी जताई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया। वीडियो में मंत्री को दलेर मेहंदी से यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि क्या उन्होंने शराब पी रखी है, क्योंकि वे ठीक से बोल नहीं पा रहे थे। वहीं, गायक को माफी मांगते हुए भी सुना गया।
मीका सिंह ने जताई थी नाराजगी
घटना के बाद गायक मीका सिंह ने मंत्री के व्यवहार पर नाराजगी जताई और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था। उन्होंने मंत्री से माफी की मांग भी की थी।
विवाद के बीच सुबोध उनियाल ने बुधवार को कहा था कि दलेर मेहंदी को आयोजकों को पहले ही अपनी तबीयत ठीक नहीं होने की जानकारी दे देनी चाहिए थी और ऐसी स्थिति में प्रस्तुति के लिए नहीं आना चाहिए था।
कलाकारों के सम्मान पर मुख्यमंत्री का जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बातचीत में उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपराओं और कलाकारों के प्रति सम्मान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि की पहचान अपनी लोक संस्कृति, आत्मीय स्वागत और आपसी सद्भाव से है। यहां कला और संस्कृति से जुड़े लोगों का हमेशा स्वागत किया जाता रहा है।
इस घटनाक्रम के बाद मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने भी दलेर मेहंदी के समर्थन में अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। अब मुख्यमंत्री की कलाकारों के सम्मान पर जोर देने वाली टिप्पणी को इस विवाद के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




































