चारपाई पर सोते वक्त पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग
बरेली। उत्तर प्रदेश में एक पत्नी पर अपने पति को जिंदा जलाने का आरोप लगा है। पति को जलाने की वजह पति का सांवला रंग बताया जा रहा है ।
पुलिस के मुताबिक सत्यवीर सिंह अपने घर में चारपाई पर सो रहा था। उसी समय उसकी पत्नी प्रेमश्री ने उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस दौरान प्रेमश्री के पैर भी जल गए।दो साल पहले हुई थी शादी, एक पांच महीने की बेटी है।
मानवीय संवेदनाओं को शर्मसार करती घटना
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक 22 वर्षीय महिला ने अपने पति को जिंदा जला दिया ।मानवीय संवेदनाओं को शर्मसार करने वाला यह मामला जब सामने आया तो लोग भौचक्के रह गए। महिला ने ऐसा कदम इसलिए उठाया क्योंकि उसका पति उससे दो साल बड़ा और उसका रंग सांवला था। इसी कारण पत्नी अपने पति को पसंद नहीं करती थी।
खुर्द फतेहगढ़ के एसएचओ सहदेव सिंह ने बताया कि प्रेमश्री और सत्यवीर सिंह की शादी दो साल पहले हुई थी। सत्यवीर प्रेमश्री से दो साल बड़ा था। उसका रंग सांवला था, इसलिए प्रेमश्री उसे पसंद नहीं करती थी। दोनों के एक पांच महीने की बेटी है। सत्यवीर के भाई हरवीर सिंह का कहना है कि, ‘भाभी प्रेमश्री, सत्यवीर को पसंद नहीं करती थी। वह उनके सांवले रंग के कारण आए दिन ताने देती रहती थी। सत्यवीर उन्हें चाहते थे इसलिए कभी कुछ नहीं कहते थे। उन्हें पता तक नहीं था कि प्रेमश्री इतना बड़ा कदम उठा लेगी।’
पुलिस ने बताया कि सत्यवीर को अस्पताल ले जाया गया। जहां कुछ देर इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया था लेकिन सत्यवीर की मौत के बाद हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।