Home National देश की व्यापार नीति तय करने वाले शीर्ष मंच में आगरा की...

देश की व्यापार नीति तय करने वाले शीर्ष मंच में आगरा की दमदार दस्तक, पूरन डावर को मिला राष्ट्रीय दायित्व

2
0

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री की अध्यक्षता वाले बोर्ड ऑफ ट्रेड में हुए शामिल, देश के शीर्ष उद्योगपतियों के साथ औद्योगिक एवं निर्यात नीतियों के निर्धारण में अहम भूमिका निभाएँगे

आगरा। आगरा के प्रख्यात उद्योगपति डावर ग्रुप के चेयरमैन फुटवियर एवं चमड़ा विकास परिषद के चेयरमैन श्री पूरन डावर को भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा गठित बोर्ड ऑफ ट्रेड (Board of Trade) का गैर-सरकारी सदस्य (Non-Official Member) नामित किया गया है। यह नियुक्ति भारत सरकार द्वारा जारी राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से की गई है।

बोर्ड ऑफ ट्रेड देश का सर्वोच्च व्यापार एवं उद्योग परामर्श मंच है, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल करते हैं। इस बोर्ड में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के सचिव, नीति आयोग, आरबीआई, एक्सिम बैंक, डीजीएफटी सहित अनेक शीर्ष सरकारी संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ देश के चुनिंदा उद्योग जगत के दिग्गजों को शामिल किया गया है।

श्री पूरन डावर को जिन प्रमुख उद्योग जगत की हस्तियों के साथ यह जिम्मेदारी मिली है, उनमें एसबीआई के चेयरमैन सी. एस. शेट्टी, एप्पल इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर विराट भाटिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा के एमडी एवं सीईओ अनीश शाह, टाटा मोटर्स के एमडी एवं सीईओ तथा सियाम के अध्यक्ष शैलेश चंद्रा, ज़ोहो कॉर्पोरेशन के सह-संस्थापक श्रीधर वेम्बू, जेएसडब्ल्यू सीमेंट्स के एमडी पार्थ जिंदल, डॉ. रेड्डीज़ लेबोरेट्रीज़ के चेयरमैन डॉ. सतीश रेड्डी, ईवाई इंडिया के चेयरमैन एवं सीईओ राजीव मेमानी, एक्सेल के पार्टनर प्रशांत प्रकाश, अंबर इंडस्ट्रीज़ के सीईओ जसबीर सिंह, ऑलकार्गो ग्रुप के संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष शशि किरण, आईएमसी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की अध्यक्ष सुनीता रामनाथकर, एप्पल इंडिया, एसबीआई, टाटा मोटर्स, महिंद्रा, ज़ोहो, जेएसडब्ल्यू, ईवाई सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों के शीर्ष प्रतिनिधि शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त बोर्ड में आईसीएआई (ICAI), आईसीएसआई (ICSI) तथा आईसीएमएआई (ICMAI) के राष्ट्रीय अध्यक्षों को भी सदस्य बनाया गया है, जिससे उद्योग, वित्त, कॉरपोरेट गवर्नेंस और व्यापार नीति के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत किया जा सके।

बोर्ड ऑफ ट्रेड भारत सरकार को विदेश व्यापार नीति, निर्यात संवर्धन, व्यापारिक अवसंरचना, डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब, औद्योगिक प्रतिस्पर्धा, आयात-निर्यात प्रक्रियाओं के सरलीकरण, तथा अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक निर्यात रणनीतियों पर सुझाव देने वाला सर्वोच्च सलाहकार निकाय है।

श्री पूरन डावर की नियुक्ति आगरा ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के औद्योगिक एवं विशेष रूप से फुटवियर उद्योग के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। फुटवियर उद्योग में उनके दशकों के अनुभव और निर्यात क्षेत्र में उनके योगदान का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर नीति निर्माण में भी मिलेगा। उनके अनुभव से भारतीय उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने, निर्यात को नई गति देने तथा वैश्विक बाजार में भारत की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।

श्री पूरन डावर की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर उद्योग जगत, व्यापारिक संगठनों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है और विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व एवं अनुभव से भारत के औद्योगिक विकास और निर्यात क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।